Digital Arrest फ्रॉड को दर्शाती हुई इमेज, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ डिजिटल चेन से बंधे हैं, पीछे Fake Police की परछाई है और मोबाइल स्क्रीन पर CBI की फर्जी कॉल दिखाई गई है।
Digital Arrest एक साइबर फ्रॉड है, जिसमें अपराधी CBI, पुलिस या अन्य सरकारी एजेंसी बनकर लोगों को डराकर पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं।

Digital Arrest Scam Kya Hai? फेक पुलिस कॉल से कैसे बचें (2026 Guide)

📌 इस लेख की मुख्य बातें (Quick Summary):

  • डिजिटल अरेस्ट पूरी तरह फर्जी है: कानून में फोन या वीडियो कॉल पर किसी को अरेस्ट करने का कोई नियम नहीं है।
  • ठगों का तरीका: फर्जी पुलिस/CBI अफसर बनकर ड्रग्स या मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर डराते हैं और पैसे मांगते हैं।
  • बचाव के तरीके: ऐसी कॉल तुरंत काटें, घबराएं नहीं और किसी अनजान खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
  • शिकायत कहाँ करें: साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।

पिछले हफ्ते की बात है। दुकान पर एक ठाकुर अंकल आए, चेहरा उतरा हुआ, कुछ सही नहीं लग रहे थे। बोले – “भाई, कैमरा बंद कर दो… माइक भी बंद कर दो। अब तो अपना ही लैपटॉप खोलने से डर लगता है। लगता है कोई मुझे देख रहा है।” मैंने पूछा – “अंकल, हुआ क्या?” कोन देख रहा है, तो उन्होंने जो कहानी सुनाई, वो सुनकर मेरे भी होश उड़ गए।

एक कॉल आया था, सामने वाले ने खुद को “मुंबई पुलिस साइबर सेल” का अफसर बताया, वर्दी पहने हुए वीडियो कॉल पर बैठा था, पीछे पुलिस स्टेशन जैसा सेटअप, और कह रहा था कि “आपके आधार कार्ड से एक पार्सल बुक हुआ है जिसमें ड्रग्स मिले हैं, अभी आपको Digital Arrest किया जाता है।”

मैंने अंकल को समझाया कि ये पूरा एक झूठा तमाशा है, कोई असली पुलिस, कोई अफसर, कोई सरकारी विभाग वीडियो कॉल पर “अरेस्ट” नहीं करता। पर तब तक अंकल घबराहट में करीब 40 हज़ार रुपये गंवा चुके थे। यही कहानी है, बस चेहरा बदलता रहता है – कभी कोई डॉक्टर, कभी कोई रिटायर्ड टीचर, कभी कोई बिज़नेसमैन।

मैं पिछले तीस साल से कंप्यूटर, मोबाइल और नेटवर्किंग के इस काम में हूँ। दुकान पर रोज़ नए-नए लोग आते हैं, नई-नई समस्याएँ लेकर आते हैं। पिछले दो-तीन साल में जो सबसे ज़्यादा डरावनी और तेज़ी से फैलने वाली समस्या देखी है, वो है यही “डिजिटल अरेस्ट” वाला स्कैम। आज इस लेख में मैं आपको वो सब कुछ बताऊँगा जो एक भरोसेमंद दुकानदार अपने ग्राहक को समझाता है – बिना किसी भारी-भरकम तकनीकी भाषा के, सीधी और आसान बातचीत में।

Digital Arrest क्या बला है?

सबसे पहली बात साफ़ कर देता हूँ – “डिजिटल अरेस्ट” नाम की कोई चीज़ भारतीय कानून में है ही नहीं। न पुलिस, न CBI, न ED, न कोई और सरकारी एजेंसी आपको फोन या वीडियो कॉल पर “गिरफ्तार” कर सकती है। अरेस्ट का मतलब होता है कि पुलिस आपके सामने आए, आपको पहचान बताए, कागज़ दिखाए और आपको थाने ले जाए। फोन पर बैठे-बैठे, अपने ही घर में, अपने ही कमरे में कोई “अरेस्ट” नहीं हो सकता।

लेकिन ठग लोग इस डर का इस्तेमाल बड़ी चालाकी से करते हैं। वो आपको इस तरह उलझा देते हैं, इतना डरा देते हैं, कि आप सोचना बंद कर देते हैं और बस उनकी हर बात मानते चले जाते हैं। यही असली खेल है – आपकी सोचने-समझने की ताकत को छीन लेना।

एक आँकड़ा आपको बताता हूँ जो मैंने खुद पढ़ा है – सिर्फ 2025 में ही इस डिजिटल अरेस्ट स्कैम की वजह से भारत के लोगों के करीब 22,495 करोड़ रुपये लुट गए। और 2022 से लेकर अब तक लाखों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। ये कोई छोटा-मोटा फ्रॉड नहीं है, ये एक पूरा संगठित धंधा बन चुका है, जिसमें बाकायदा कॉल सेंटर जैसे सेटअप बनाए गए हैं।

पूरा नाटक शुरू कैसे होता है

दुकान पर आने वाले हर पीड़ित की कहानी में एक जैसा पैटर्न दिखता है। मैं उसे चार हिस्सों में बाँटकर समझाता हूँ, ताकि आपको भी याद रहे।

पहला हिस्सा – डर का पहला झटका। आपके मोबाइल पर एक कॉल आता है। बताया जाता है कि आपके नाम से कोई पार्सल पकड़ा गया है जिसमें ड्रग्स, नकली पासपोर्ट या हथियार मिले हैं। या फिर कहा जाता है कि आपके आधार नंबर से कोई दूसरा सिम कार्ड खरीदा गया है और उससे गैरकानूनी काम हो रहे हैं। या फिर बताया जाता है कि आपके बैंक खाते से मनी लॉन्ड्रिंग हुई है। कभी-कभी कॉल एक रिकॉर्डेड आवाज़ से शुरू होता है, जैसे कोई सरकारी IVR हो – “आपका मोबाइल नंबर अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल हुआ है, आगे की जानकारी के लिए 1 दबाएँ।”

दूसरा हिस्सा – बड़े अफसर की एंट्री। अब कॉल किसी “सीनियर अफसर” को ट्रांसफर कर दिया जाता है, जो खुद को CBI, ED, नारकोटिक्स विभाग, RBI या TRAI का अधिकारी बताता है। ये लोग वीडियो कॉल पर आते हैं, पुलिस या सेना जैसी वर्दी पहने होते हैं, पीछे तिरंगा, अशोक स्तंभ और सरकारी दफ्तर जैसा माहौल बना होता है। असली-नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाता है क्योंकि सब कुछ बहुत प्रोफेशनल दिखता है।

तीसरा हिस्सा – अकेला कर देना। यहीं पर असली खेल शुरू होता है। आपको कहा जाता है – “ये मामला गुप्त है, अगर आपने परिवार में किसी को बताया, दोस्तों को बताया, या किसी वकील से सलाह ली, तो आपको और आपके परिवार को नुकसान होगा।” कई बार धमकी दी जाती है कि आपके बच्चों को भी केस में फँसा दिया जाएगा। इंसान अकेला पड़ जाता है।

डर के मारे किसी से बात करने की हिम्मत नहीं करता। मुझे याद है एक बुज़ुर्ग महिला की कहानी – छह महीने तक उन्हें ऐसे ही “निगरानी” में रखा गया, इस दौरान उन्होंने अपने दो प्लॉट और एक फ्लैट तक बेच दिया, कुल मिलाकर पौने दो करोड़ से ज़्यादा रुपये गँवा दिए। छह महीने! सोचिए ज़रा।

चौथा हिस्सा – पैसों की माँग। अंत में कहा जाता है कि “जाँच के लिए” आपको अपने सारे बैंक खाते की डिटेल बतानी होगी, या फिर “वेरिफिकेशन” के नाम पर एक खाते में पैसे ट्रांसफर करने होंगे, भरोसा दिलाया जाता है कि जाँच पूरी होते ही पैसे वापस मिल जाएँगे। और फिर पैसे कभी वापस नहीं आते।

असली ज़िंदगी के कुछ उदाहरण जो आपको सतर्क कर देंगे

एक 92 साल के बुज़ुर्ग को TRAI और महाराष्ट्र पुलिस का अफसर बताकर झूठे FIR का डर दिखाया गया, दो करोड़ रुपये ठग लिए गए। अच्छी बात ये है कि उस केस में दिल्ली पुलिस ने पूरी रकम वापस दिलवाई, पर हर किसी की किस्मत इतनी अच्छी नहीं होती।

एक और मामले में एक महिला को दिल्ली टेलीकॉम डिपार्टमेंट का अफसर बनकर फोन आया, बताया गया कि उनके आधार से खरीदे गए सिम से गैरकानूनी काम हो रहा है, फिर CBI अफसर बना एक शख्स वर्दी में वीडियो कॉल पर आया, पति और बच्चे को नुकसान पहुँचाने की धमकी दी – महिला ने अपनी फिक्स्ड डिपॉज़िट तोड़कर 24 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

मेरे साथ हुआ “डिजिटल अरेस्ट” स्कैम का डरावना अनुभव, एक सच्ची घटना

Text: Indian person ending a fake Digital Arrest scam video call.
Stay calm, end the call, report the scam.

मैं अपनी दुकान पर एक ग्राहक से बात कर रहा था। तभी मेरे मोबाइल पर एक कॉल आया। आम तौर पर ऐसे कई कॉल आते रहते हैं, लेकिन इस बार कुछ अलग था। कॉलर आईडी पर एक पुलिस अधिकारी की फोटो दिखाई दे रही थी। इसलिए मैंने फोन उठा लिया।

कॉलर: “हेलो, क्या मैं मिस्टर मोहन से बात कर रहा हूँ?”

मैं: “जी, बोल रहा हूँ।”

कॉलर: “आप इंदौर में रहते हैं?”

मैं: “जी।”

कॉलर: “क्या आपको पता है कि आपका बेटा इस समय कहाँ है?”

मैं: “सर, शायद अभी कॉलेज में होगा।”

कॉलर: “नहीं, आपका बेटा इस समय पुलिस स्टेशन में बैठा है। उसे दो अन्य लड़कों के साथ रेप केस में पकड़ा गया है।”

यह सुनते ही जैसे मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई। कुछ पल के लिए मेरा चेहरा सफेद पड़ गया और दिल की धड़कन जैसे रुक-सी गई।

“मेरा बेटा… और ऐसा काम? यह कैसे हो सकता है?”

इतने में फोन पर पीछे से किसी को पीटने की आवाज आने लगी।

पीछे से आवाज: “आह… मत मारो… मेरी कोई गलती नहीं है… मैं तो इनके साथ भी नहीं था… मैं तो इन्हें मना कर रहा था…”

दूसरी आवाज: “अरे, मत मारो। इसके बाप से बात हो रही है।”

दूसरी आवाज: “हाँ जी, बताइए इसका क्या करना है?”

पीछे से लड़के की आवाज: “पापा… मुझे बचा लो… मैंने कुछ नहीं किया… मेरी कोई गलती नहीं है…”

कॉलर: “ये कह रहा है कि इसकी गलती नहीं है। लेकिन ये उन लड़कों के साथ तो था, इसलिए केस तो बनेगा ही।”

मैं: “सर, मेरा बेटा तो कॉलेज बस से आता-जाता है। वह कहीं और नहीं जाता।”

कॉलर: “देखिए, हम पुलिस वाले चेहरा देखकर समझ जाते हैं कि कौन कैसा है। आपका बेटा ईमानदार लग रहा है। लड़की भी कह रही है कि इसने कुछ नहीं किया।”

मैं: “सर, आप ही कुछ कर दीजिए।”

बस, यहीं से असली खेल शुरू हुआ।

कॉलर: “एक काम कीजिए। मैं आपको एक QR Code भेज रहा हूँ। ₹50,000 भेज दीजिए। हम लड़के को यहीं से छोड़ देंगे और मामला खत्म कर देंगे।”

यह सारी बातचीत मुश्किल से कुछ ही सेकंड में हुई थी। मैं पूरी तरह घबरा चुका था।

लेकिन तभी मेरे दिमाग में एक बात आई।

शुरुआत में उसने पूछा था कि “क्या आप इंदौर में रहते हैं?” मेरा मोबाइल नंबर आज भी मध्य प्रदेश का है, इसलिए शायद उसे यही लगा होगा। लेकिन सच यह था कि हम काफी समय पहले उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद शिफ्ट हो चुके थे और मेरा बेटा उसी समय कॉलेज में था।

यहीं मुझे पहली बार शक हुआ कि कहीं यह धोखाधड़ी तो नहीं।

मैंने तुरंत फोन काट दिया और ध्यान से देखा।

कॉल सामान्य मोबाइल कॉल नहीं थी, बल्कि WhatsApp Call थी। प्रोफाइल फोटो किसी पुलिस अधिकारी की थी, लेकिन नंबर +92 (पाकिस्तान) से शुरू हो रहा था।

कुछ ही सेकंड बाद फिर उसी नंबर से कॉल आ गई।

कॉलर: “क्या करना है जी?”

अब तक मैं समझ चुका था कि यह ठगी है।

मैं: “मारो इसे। ऐसी औलाद नहीं चाहिए। मेरे पास इतने पैसे भी नहीं हैं। जो करना है कर लो।”

मेरी बात सुनते ही उनका रवैया तुरंत बदल गया।

कॉलर: “ऐसा मत कहिए। आपका लड़का शरीफ है। गलती किसी से भी हो सकती है। आप ₹50,000 नहीं तो ₹30,000 ही भेज दीजिए, हम अभी छोड़ देते हैं।”

यहीं मुझे पूरा यकीन हो गया कि यह एक संगठित साइबर ठगी है। अगर मामला सच होता, तो पुलिस कभी इस तरह मोलभाव नहीं करती।

फिर अपनी तसल्ली के लिए बेटे को फोन लगाया।

उसने आराम से फोन उठाया और बताया कि वह कॉलेज की क्लास में बैठा है।

तब जाकर मेरी जान में जान आई।

उस दिन मुझे समझ आया कि डिजिटल अरेस्ट और फर्जी पुलिस कॉल करने वाले ठग इंसान की भावनाओं और डर का फायदा उठाते हैं। अगर मैं घबराकर बिना सोचे-समझे पैसे भेज देता, तो कुछ ही मिनटों में ₹50,000 ठगों के खाते में पहुँच चुके होते।

डिजिटल अरेस्ट स्कैम से बचाव की जानकारी देता हुआ हिंदी इन्फोग्राफिक, जिसमें फर्जी पुलिस वीडियो कॉल, ठगी के तरीके, बचाव के उपाय और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दिखाई गई है।
डिजिटल अरेस्ट एक साइबर ठगी है। जानें ठग कैसे लोगों को डराकर पैसे ऐंठते हैं और उनसे कैसे बचें।

ठग लोग आपको क्यों बेवकूफ बना पाते हैं – असली वजह समझिए

अब सवाल ये उठता है कि इतने पढ़े-लिखे, समझदार लोग भी इस जाल में क्यों फँस जाते हैं? इसकी वजह टेक्नोलॉजी की कमी नहीं, बल्कि इंसानी मनोविज्ञान है।

जब कोई अचानक आपको बताए कि आप किसी बड़े अपराध में फँस गए हैं, तो दिमाग सबसे पहले डर से भर जाता है। डर में इंसान सोच नहीं पाता, सिर्फ रिएक्ट करता है। ठग लोग जानबूझकर आपको सोचने का मौका ही नहीं देते – लगातार बोलते रहते हैं, फोन काटने नहीं देते, कहते हैं “अभी लाइन मत काटिए वरना और गंभीर धाराएँ लगेंगी।” यही वजह है कि बैंक, पुलिस, या साइबर सेल से बात करने का मौका ही नहीं मिल पाता।

दूसरी वजह है इज़्ज़त का डर। किसी को ये सुनना ही अच्छा नहीं लगता कि उसका नाम किसी अपराध से जुड़ा है, भले ही वो झूठ हो। लोग सोचते हैं – “अगर पड़ोसी को पता चल गया, दफ्तर में पता चल गया तो क्या होगा?” यही शर्म और डर उन्हें चुप करा देती है, और चुप्पी में ही ठग अपना खेल पूरा कर लेते हैं।

तीसरी वजह है टेक्नोलॉजी का दिखावा। AI से बनी आवाज़ें, नकली कॉलर ID जो असली पुलिस थाने के नंबर जैसी दिखती है, CBI-ED-RBI के लोगो लगे फर्ज़ी नोटिस – ये सब इतनी सफाई से बनाए जाते हैं कि आम आदमी के लिए असली-नकली पहचानना मुश्किल हो जाता है।

अक्सर ठग लोग मोबाइल में आने वाले फेक पॉप-अप और विज्ञापनों का सहारा भी लेते हैं।

दुकान पर आने वाले ग्राहकों के आम सवाल

सवाल: क्या पुलिस सच में वीडियो कॉल पर बात करती है?

नहीं। पुलिस, CBI, ED, कस्टम विभाग – कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल या फोन कॉल पर पूछताछ करके “गिरफ्तार” नहीं कर सकती। कानूनी नोटिस हमेशा लिखित में, डाक से या सरकारी पोर्टल के ज़रिए भेजे जाते हैं, और पूछताछ के लिए हमेशा थाने या दफ्तर बुलाया जाता है, वो भी लिखित समन के साथ।

सवाल: अगर मेरे आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल हुआ हो तो क्या होगा?

अगर सच में ऐसा कुछ हुआ है, तो इसकी जानकारी आपको सीधे सरकारी चैनल से मिलेगी – जैसे UIDAI की वेबसाइट या SMS अलर्ट से, न कि किसी अनजान कॉल से। और भले ही सच में कुछ हुआ हो, इसका मतलब ये नहीं कि आपको तुरंत पैसे ट्रांसफर करने होंगे। जाँच की प्रक्रिया कभी भी फोन पर पैसे माँगने से शुरू नहीं होती।

सवाल: अगर सामने वाला असली वर्दी पहने हो, असली जैसा ऑफिस दिखा रहा हो, तो कैसे पता चले कि झूठा है?

भाई, वर्दी और बैकग्राउंड कुछ भी नकली बनाया जा सकता है, आजकल तो ग्रीन स्क्रीन और सस्ते स्टूडियो सेटअप से पूरा पुलिस स्टेशन जैसा माहौल बना दिया जाता है। असली पहचान यही है – कोई भी असली अफसर आपसे कभी पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहेगा, और न ही आपको “किसी को मत बताना” जैसी धमकी देगा।

सवाल: क्या ऐसा सिर्फ बुज़ुर्गों के साथ होता है?

शुरुआत में ज़्यादातर बुज़ुर्ग और कम टेक्नोलॉजी समझने वाले लोग निशाना बनते थे, लेकिन अब डॉक्टर, इंजीनियर, रिटायर्ड बैंकर, यहाँ तक कि पत्रकार और सुरक्षा बलों के लोग भी इसका शिकार बन चुके हैं। तो ये मत सोचिए कि “मुझे तो कंप्यूटर की अच्छी समझ है, मैं नहीं फँसूँगा” – डर हर किसी को अपने जाल में ले सकता है।

असली और नकली में फर्क कैसे पहचानें – आसान तरीके

मैं अपने ग्राहकों को हमेशा कुछ आसान सी बातें याद रखने को कहता हूँ, जैसे कोई नुस्खा हो:

पहली बात – कोई भी सरकारी विभाग फोन या वीडियो कॉल पर “जाँच” नहीं करता। हमेशा लिखित नोटिस, डाक या ईमेल से आधिकारिक चैनल के ज़रिए भेजा जाता है।

दूसरी बात – कोई भी असली पुलिस या जाँच एजेंसी आपसे कभी पैसे किसी निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करने को नहीं कहेगी। सरकारी जुर्माना या फीस हमेशा सरकारी पोर्टल या चालान के ज़रिए ही जमा होती है।

तीसरी बात – असली जाँच में आपको “चुप रहो, किसी को मत बताना” जैसी धमकी कभी नहीं मिलेगी। बल्कि आपको हमेशा वकील रखने या परिवार को बताने का पूरा हक होता है।

चौथी बात – अगर कॉल में जल्दबाज़ी बहुत ज़्यादा हो, “अभी के अभी करना है, वरना 2 घंटे में गिरफ्तारी हो जाएगी” जैसी बातें हों, तो समझ जाइए ये स्कैम है। असली कानूनी प्रक्रिया इतनी जल्दी नहीं चलती।

पाँचवीं बात – कॉलर ID पर भरोसा मत कीजिए। आजकल नंबर स्पूफिंग यानी असली नंबर जैसा दिखने वाला नकली नंबर बनाना बहुत आसान हो गया है, तो पुलिस थाने का नंबर दिखने का मतलब ये नहीं कि कॉल असली पुलिस से ही आया है।

अगर ऐसी कॉल आ जाए तो तुरंत क्या करें

अगर कभी आपको या आपके घर में किसी को ऐसी कॉल आए, तो घबराने की बजाय ये कदम उठाइए:

सबसे पहले, कॉल पर बने रहने की कोई ज़रूरत नहीं है। फोन काट दीजिए। असली पुलिस अगर वाकई आपसे कोई काम है तो वो दोबारा सही तरीके से संपर्क करेगी।

दूसरा, कभी भी अपने बैंक खाते की जानकारी, OTP, आधार नंबर, या पैन कार्ड की डिटेल फोन पर किसी को मत दीजिए, चाहे वो कितना भी बड़ा अफसर बनकर बात करे।

तीसरा, तुरंत अपने परिवार के किसी भरोसेमंद सदस्य से बात कीजिए। अकेले में लिया गया फैसला ही सबसे ज़्यादा खतरनाक होता है। परिवार से बात करते ही आधा डर वैसे ही कम हो जाता है।

चौथा, अगर आपको शक है कि पैसे ट्रांसफर हो चुके हैं, तो तुरंत साइबर क्राइम की नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कीजिए, या फिर cybercrime.gov.in वेबसाइट पर जाकर शिकायत दर्ज कराइए। जितनी जल्दी शिकायत होगी, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ज़्यादा रहती है, क्योंकि बैंक खाते तुरंत फ्रीज़ किए जा सकते हैं।

पाँचवाँ, अगर बात ज़्यादा गंभीर लग रही हो, तो अपने नज़दीकी पुलिस थाने में जाकर सीधे शिकायत दर्ज कराइए। फोन पर आया “अफसर” कभी असली अफसर नहीं होगा, लेकिन थाने में बैठा अफसर असली होता है।

घर के बुज़ुर्गों को कैसे समझाएँ

मेरी दुकान पर अक्सर बेटे-बेटियाँ अपने माता-पिता को साथ लेकर आते हैं और पूछते हैं – “अंकल-आंटी को कैसे समझाएँ कि ये स्कैम है?” मैं हमेशा यही कहता हूँ – डराइए मत, बल्कि एक बार शांति से बैठकर उन्हें यही चार-पाँच बातें समझा दीजिए जो मैंने ऊपर बताई हैं। उन्हें भरोसा दिलाइए कि अगर कभी ऐसी कॉल आए तो सबसे पहला काम है फोन काटकर आपको बताना, चाहे रात के दो बजे ही क्यों न हों। कोई डाँट नहीं पड़ेगी, कोई शर्मिंदगी नहीं होगी।

एक छोटी-सी तरकीब और बताता हूँ – घर में एक “कोड वर्ड” जैसा सिस्टम बना लीजिए। कह दीजिए कि अगर कभी कोई पुलिस, कोर्ट या बैंक के नाम पर पैसे माँगे, तो पहले घर के किसी सदस्य को फोन करके पूछेंगे, चाहे सामने वाला कितनी भी जल्दी क्यों न मचाए। ये एक आदत बन जानी चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे बाहर जाते वक्त गैस बंद करना और दरवाज़ा लॉक करना आदत होती है।

आखिरी बात, दिल से

तीस साल के इस काम में मैंने बहुत तरह के फ्रॉड देखे हैं – कभी नकली लॉटरी, कभी फर्ज़ी नौकरी, कभी OTP माँगने वाले कॉल। लेकिन डिजिटल अरेस्ट वाला ये स्कैम सबसे क्रूर इसलिए लगता है क्योंकि ये सीधे इंसान के सबसे गहरे डर पर वार करता है – कानून का डर, इज़्ज़त जाने का डर, परिवार को नुकसान होने का डर। और यही डर लोगों की सोचने-समझने की ताकत छीन लेता है।

कभी भी अनजान लिंक पर क्लिक करके कोई ऐप डाउनलोड न करें, इससे फोन में हैकिंग या वायरस का खतरा रहता है। अपने मोबाइल की सुरक्षा के लिए मोबाइल वायरस से कैसे बचाएँ का तरीका ज़रूर समझें।

पर याद रखिए – डर जितना बड़ा दिखता है, सच उतना ही आसान है। कोई भी पुलिस, कोई भी सरकारी अफसर आपको फोन या वीडियो कॉल पर “अरेस्ट” नहीं कर सकता। ये सिर्फ एक शब्द है जिसे ठग लोगों ने अपने फायदे के लिए गढ़ लिया है। जिस दिन ये बात हर घर तक पहुँच जाएगी, उस दिन ये स्कैम अपने आप कमज़ोर पड़ने लगेगा।

अगली बार अगर आपको, आपके किसी दोस्त को, या घर के किसी बुज़ुर्ग को ऐसी कोई कॉल आए, तो घबराइए मत। फोन काटिए, परिवार से बात कीजिए, और अगर ज़रूरत लगे तो पास की किसी भरोसेमंद दुकान या जानकार से भी सलाह ले लीजिए – ठीक वैसे ही जैसे आप एक खराब मोबाइल या लैपटॉप दिखाने आते हैं। डर को कभी भी अपने ऊपर हावी मत होने दीजिए, क्योंकि असली अपराधी वो कॉल करने वाला है, आप नहीं।

मोबाइल सुरक्षा और नेटवर्क से जुड़ी अन्य सभी आम समस्याओं के तुरंत हल के लिए हमारी मोबाइल की 25 आम समस्याएं और उनके समाधान वाली मुख्य गाइड देखें।

About solvely Team

solvely TeamSolvely Team तकनीकी समस्याओं को आसान हिन्दी में समझाने के लिए काम करती है। इस प्लेटफॉर्म के Founder Manoj KC हैं, जो A-Set Training & Research Institutes (1998) से प्रमाणित कंप्यूटर हार्डवेयर इंजीनियर हैं।उन्हें IT, Networking CCTV व Mobile Troubleshooting के क्षेत्र में 30+ वर्षों का अनुभव है। उन्होंने Sysnet Global Technologies और National Computers जैसी कंपनियों में काम करने के बाद 25 वर्षों तक अपनी फर्म 'Global Computer' का सफल संचालन किया।Solvely.in के माध्यम से हमारा लक्ष्य है कि आम यूज़र बिना technical knowledge के भी अपनी मोबाइल और डिजिटल समस्याएं खुद हल कर सकें।

Check Also

Deepfake Scam क्या है और इससे कैसे बचें

डीपफेक स्कैम (Deepfake Scam) क्या है? AI से होने वाली नई ठगी को पहचानें और सुरक्षित रहें

जल्दी समझें (Quick Answer) अगर आप जानना चाहते हैं कि डीपफेक स्कैम (Deepfake Scam) क्या …